लखीमुपर खीरी। जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से कराई जा रही जिला स्तरीय अंडर- 15 जूनियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत सोमवार को लालपुर स्टेडियम में एक मैच खेला गया। इसमें एलपीएस और लामटिना में भिड़ंत हुई। लामटिना की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम के खिलाड़ी 30 ओवर में 127 रन का ही स्कोर खड़ा कर सके। इसमें टीम को सर्वाधिक रन 55 नोबॉल से मिले। इनका एक भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलपीएस की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 128 रन बनाकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। इसमें अभय सिंह ने 27, इशांत चेतवानी नाबाद 27 एवं शांतनु 20 रन का सहयोग दिया। लामटीना टीम के गेंदबाज आयाज ने चार और एलपीएस टीम के गेंदबाज अभिनव मिश्रा ने चार विकेट लिए। जिला क्रीडा अधिकारी सुशील भारती, आरएन मिश्रा, अभिषेक शुक्ला, रामजी कश्यप, सूरज शर्मा मौजूद रहे। संवाद