लखीमपुर खीरी। बेसिक स्कूलों में जिस तरह से बच्चों के नामांकन बढ़ाने के लिए घर-घर संपर्क किया जा रहा है। इसी तर्ज पर माध्यमिक स्कूलों के शिक्षक भी बच्चों के प्रवेश के लिए जागरूक करेंगे।
जिले में 54 राजकीय इंटर कॉलेजों के अलावा 45 सहायता प्राप्त और 198 वित्तविहीन इंटर कॉलेजों का संचालन किया जा रहा है। इन कॉलेजों में बच्चों की संख्या निर्धारित सीटों से कम रह जाती है। छात्र-छात्राएं राजकीय कालेजों में प्रवेश लेने के बजाए दूसरे प्राइवेट स्कूलों में प्रवेश ले लेते हैं। अब शासन परिषदीय स्कूलों की तरह माध्यमिक स्कूलों में भी नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाएगा।
राजकीय इंटर कॉलेजों में तैनात अध्यापक-अध्यापिकाएं घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करने का काम करेेंगे। विशेष नामांकन अभियान के तहत कक्षा आठ पास करने वाले छात्र-छात्राओं का नजदीक के ही राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त व वित्तविहीन कॉलेजों में प्रवेश दिलाया जाएगा।
शासन से आदेश आने के बाद विभागीय अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। डीआईओएस डॉ. महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि आदेश आया है। जल्द ही कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी करते हुए नामांकन बढ़ाने का आदेश जारी किया जाएगा।