लखीमपुर खीरी । जून के चौथे शनिवार को जिले के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील और पुलिस अधिकारियों ने फरियादियों की राजस्व व पुलिस से संबंधित शिकायतेंं सुनीं। समस्या समाधान का आश्वासन दिया। इसी क्रम मेें एसपी गणेश प्रसाद साहा सदर कोतवाली पहुंचे। फरियादियों की शिकायतों को सुना और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का निर्देश दिया। कहा कि मौके पर जाकर शिकायतों की निष्पक्षता से जांच करें। शत-प्रतिशत विधिक निस्तारण किया जाए। एसपी ने खीरी थाने में भी फरियादियों की शिकायतें सुनीं।
आंबेडकर पार्क और खलिहान का उठा मुद्दा
पसगवां । एसडीएम पंकज श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुए थाना समाधान दिवस में चार प्रार्थना पत्र आए। एक शिकायत का निस्तारण किया गया। समाधान दिवस में सल्लियां (जंगहादुरगंज) के डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क व खलिहान का मुद्दा उठा। एसडीएम ने बताया कि पार्क और खलिहान का सीमांकन कराकर प्रधान को तार फेंसिंग कराने का निर्देश दिया गया है। कहा कि खलिहान और डॉ. भीम राव आंबेडकर पार्क का मामला काफी समय से चल रहा है। संवाद