स्मैक बरामदगी का खुलासा करते सीओ गोला
बिजुआ। भीरा पुलिस ने दो दिन में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर स्मैक के धंधे का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों से करीब 40 लाख रुपये कीमत की 295 ग्राम स्मैक बरामद की है। तीन को शनिवार को पकड़ा गया था, जबकि चार रविवार को गिरफ्तार किए गए। इनके पास से कार और अवैध असलहा भी बरामद किया गया। अभियुक्त बरेली से स्मैक लाकर भीरा इलाके में आपूर्ति करते थे।
सीओ गोला प्रवीण कुमार ने बताया कि थाना पुलिस की टीम बनाकर जाल बिछाया गया और स्मैक की डिलिवरी देने आए दो आरोपियों को खुटार-मैलानी रोड से पकड़ा गया। बाद में स्मैक के धंधे में लगे दो गिरोहों के अन्य पांच बदमाशों को भी पकड़ा गया। तलाशी में अभियुक्तों के पास से 295 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस की पकड़ में आए आरोपियों में पीलीभीत के पूरनपुर थाने के गांव शेरपुर कंड़ा निवासी उल्लाह खां उर्फ डॉक्टर, मोहम्मद सादाब, गोला के जहानपुर निवासी सलीम, कमलजीत सिंह उर्फ बिल्ला, मेजर सिंह उर्फ हैप्पी, हरप्रीत सिंह उर्फ गोलू व हमीर हसन शामिल हैं। अभियुक्तों के पास से दो असलहे, चाकू, इलेक्ट्रानिक तराजू, फोन पे क्यूआर कोड, एक कार और पिकअप भी बरामद की गई है। पुलिस ने अभियुक्तों का न्यायालय चालान भेजा है।
स्मैक बरामदगी का खुलासा करते सीओ गोला