घायलों का इलाज करते एंबुलेंस चालक।
नशे में था चालक, कई यात्री जख्मी, बस में सवार थे सवा सौ यात्री
मैलानी। बहराइच से पंजाब जा रही प्राइवेट स्लीपर बस के सोमवार की रात करीब साढ़े सात बजे मैलानी-भीरा के बीच जंगल में पलट जाने से बस में सवार कई यात्री जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। खिड़की के शीशे तोड़कर यात्री बस से बाहर निकल सके। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
निजी कंपनी की स्लीपर बस बहराइच से सवारियां भरकर लुधियाना जा रही थी। बस में सवार यात्री ग्राम सिमगड़हा थाना कैसरगंज बहराइच, रोपड़ पंजाब निवासी अरुण अग्रवाल और अन्य तमाम यात्रियों ने बताया कि चालक शराब पीये होने के साथ ही कान में ईयर फोन और आंखों पर काला चश्मा भी लगाए था। यात्रियों के मुताबिक, बस में करीब सवा सौ यात्री ठसाठस भरे हुए थे। मना करने के बावजूद परिचालक ने यात्रियों को ठूंस-ठूंसकर बस में भरा था। भीरा से चलने के बाद बस मैलानी से करीब दस किमी पहले जंगल में अचानक पलट गई। हादसे में बस में सवार नेपाल निवासी भागीरथी, रोपड़ पंजाब निवासी अस्मिता अग्रवाल मीरा देवी पत्नी रामकुमार निवासी ग्राम बिटौरा थाना हरदी जिला बहराइच सहित अन्य कई यात्री घायल हो गए। इसके अलावा एक यात्री अधिक जख्मी हुआ। उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जबकि छिटपुट घायलों का इलाज मौके पर पहुंची एंबुलेंस में किया गया। हादसा कैसे हुआ यह कोई भी यात्री नहीं बता सका। अधिकांश ने चालक के शराब के नशे में होने से दुर्घटना की आशंका जताई। चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।