मृतका शिक्षामित्र कमलेश्वरी पाण्डेय-स्रोत स्वयं
लखीमपुर खीरी। मॉर्निंग वॉक के लिए निकलीं शहर के सरबती देवी कॉलोनी निवासी शिक्षामित्र को खनन की मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। जिससे महिला की मौके पर मौत हो गई। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार की तड़के करीब 4.24 बजे की घटना बताई जा रही है। टहलने निकली कमलेश्वरी देवी पांडेय (45) पत्नी अरविन्द कुमार मोहल्ला सरबती देवी कॉलोनी में रहती थीं। तड़के वह जैसे ही बेहजम रोड निरंकारी भवन के समीप पहुंची तभी पीछे अवैध खनन कर मिट्टी ला रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मोहल्ले के अन्य टहलने वाले लोगों ने हादसे की जानकारी दी। इधर घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मय ट्रॉली लेकर फरार हो गया। मृतका के पुत्र नितिन पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नहीं रुक रहा खनन, जान गवां चुके कई लोग
जिले में अवैध खनन का धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रात होते ही नहर, नदियों और खेतों के किनारे बालू और मिट्टी खनन शुरू हो जाता है। खनन माफिया देर रात लोगों के ठिकानों पर बालू और मिट्टी भेजने लगते हैं। बालू और मिट्टी भरी ट्रालियों के नीचे दबकर कई लोगों की जान जा चुकी हैं। कुछ दिन पहले ही उल्ल नदी में नहाने गए दो बच्चों की गहरे पानी में जाकर मौत हो गई थी। खनन माफिया ने नदी से बालू निकालने के लिए गहरी खुदाई कर दी, इसके चलते बच्चे नहाते समय खुद को नहीं बचा सके थे।