संपूर्णानगर के मुरारखेड़ा में हुई दुर्घटना में मृतक अरूण पांडेय की फाइल फोटो।
संपूर्णानगर। पलिया-संपूर्णानगर रोड पर मुरारखेड़ा के पास दो बाइकों की टक्कर में शिक्षामित्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं।
संपूर्णानगर के विशेनपुरी निवासी स्व. बटकेश्वर पांडेय के 45 वर्षीय पुत्र अरुण पांडेय बैलहा के बलुवा प्राइमरी स्कूल में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। वह मंगलवार की देर शाम को अपने ममेरे भाई अनूप पाठक के साथ बाइक से बाजार आए थे और वहां से वापस अपने घर जा रहे थे। बताया गया कि इसी बीच उधर से त्रिकोलिया निवासी नरेश गौड़ का पुत्र नितिन गौड़ बाइक से आ रहा था। दोनों बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शिक्षामित्र अरुण की हालत ज्यादा नाजुक होने के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शिक्षामित्र की मौत से साथी शिक्षकों व अन्य शिक्षामित्रों में शोक की लहर है। संवाद
अंधे मोड़ को माना जा रहा दुर्घटना का कारण विशेनपुरी गांव निवासी अरुण पांडेय अपने ममेरे भाई के साथ बाजार आए थे, जहां से वह वापस लौट रहे थे। लोगों के अनुसार मुरारखेड़ा के पास सड़क घूमने और पेड़ों की वजह से सामने से कुछ नहीं दिखता है। इसको भी दुर्घटना का एक कारण माना जा रहा है। बाइक अरुण चला रहे थे और हेलमेट भी नहीं पहना था। सिर में ज्यादा चोट आने के कारण उनकी मौत हो गई। अरुण मिलनसार होने के साथ ही पलिया के सुंदरकांड सेवा मंडल से भी जुड़े हुए थे।