बिलहा सिकटिया में कटान करती शारदा नदी
बिजुआ। ब्लॉक बिजुआ की ग्राम पंचायत बेलहा सिकटिहा में शारदा नदी ने कटान तेज कर दिया है। लगातार भू कटान करते हुए शारदा नदी गांव के बिल्कुल करीब आ गई है। मौजूदा समय में नदी घरों से मुश्किल से 20 मीटर की दूरी पर बह रही है। आशंका है कि शाम तक शारदा नदी गांव में पहुंच सकती है।
ग्राम प्रधान नेपाली राम ने बताया कि अभी तक नदी गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर थी। अचानक नदी का रुख बेलहा सिकटिहा गांव की तरफ हो गया और कटान करते-करते नदी गांव तक आ पहुंची है। जिस गति से नदी कटान कर रही है, उससे बेलहा सिकटिहा गांव का वजूद खतरे में आ गया है। यहां करीब डेढ़ सौ एकड़ भूमि गन्ने की फसल सहित शारदा नदी में समा चुकी है। कटान लगातार जारी है अभी तक किसी भी अधिकारी ने कटान प्रभावित गांव की सुध नहीं ली है।
लेखपाल अमन सत्यार्थी का कहना है कि वह रोज तहसील प्रशासन को रिपोर्ट दे रहे हैं। तहसील प्रशासन से अभी तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है और कटान रोकने की कोई व्यवस्था भी नहीं की गई है। शारदा नदी को तेजी से गांव की ओर बढ़ते देख ग्रामीणों ने अपने मकान तोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। उधर, ग्राम प्रधान ने डीएम से कटान रोकने के उपाय करने की मांग की है।