पलियाकलां। बनबसा बैराज से रोजाना 60 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण शारदा नदी का जलस्तर एक बार फिर से बढ़ने लगा है।
बीते कई दिनों से नदी खतरे के निशान के आसपास ही स्थिर थी, लेकिन जलस्तर बढ़ने के बाद नदी खतरे के निशान से 47 सेंटीमीटर ऊपर 154.570 सेंटीमीटर पर बह रही है। जल आयोग के मुताबिक, धीरे-धीरे पानी रिलीजिंग के कारण जलस्तर तो बढ़ा है, लेकिन अभी गांवों में बाढ़ के पानी घुसने लायक स्थिति नहीं बनी है। उधर, शारदा नदी ने जंगल नंबर छह में कटान का दायरा बढ़ाते हुए धान व गन्ने की फसल की तरफ कटान तेज कर दिया है। बरूआ कलां में भी शारदा खेतिहर इलाकों को तेजी से काट रही है। इमलिया फार्म जाने वाले रास्ते पर अभी भी पानी चल रहा है और लोग नाव से आवागमन कर रहे है।