महेवागंज/सुंदरवल। शारदा नदी तहसील सदर के ग्राम पंचायत जंगल नंबर दस के मजरों में तेजी से कटान कर आबादी को निशाना बना रही है। अहिराना का हश्र देख चुके ग्रामीणों को यहां भी उजड़ने का डर सता रहा है। प्रशासन से मदद की आस में बुधवार को काफी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय जाकर डीएम से मिलकर कटान पर किसी तरह रोक लगाने की गुहार लगाई थी।
नदी गांव से कुछ दूर ही बची है। शंकरपुरवा गांव को जाने वाला इकलौता मार्ग तेजी से कट रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि ये रास्ता कट गया तो पूरा गांव कैद हो कर रह जायेगा। किसी तरफ निकल भी नहीं सकते। बच्चों और बुजुर्गों पर खतरे की आशंका है। राधेश्याम, राधे और रामप्रवेश का घर से नदी महज सौ मीटर ही दूरी पर कटान कर रही है। कटान रोकने का इंतजाम सिंचाई विभाग नहीं कर सका। नदी कटान करती हुई शंकर पुरवा और धोबियाना गांव के पास पंहुच गई है।
सिंचाई विभाग को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश
कटान का जायजा लेने शंकरपुरवा गांव पहुंचे डीएम को ग्रामीणों ने बताया कि गांव का इकलौता रास्ता कटान के निशाने पर है। यदि रास्ता कट गया तो वह लोग न तो अपना सामान निकाल सकेंगे न ही खुद निकल पाएंगे। डीएम ने सिचाई और बाढ़ खंड के अधिकारियों को कटान रोकने और लगातार मानिटरिंग करते रहने के निर्देश दिये।