लखीमपुर खीरी। सोमवार को पहली पाली में हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र हुआ। परीक्षा देकर निकले कुछ परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र सरल तो कुछ ने कठिन बताया। वहीं दूसरी पाली में इंटर में भौतिक विज्ञान, मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र और तर्कशास्त्र विषय का पेपर हुआ। वहीं लखनऊ से आए एक दल ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया।
22 फरवरी से शुरू हुईं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं नौ मार्च तक चलेंगी। लगभग मुख्य विषयों की परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं, अब व्यवसायिक विषयों की परीक्षाएं ही शेष हैं। सोमवार को हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय के अलावा इंटर में कम्प्यूटर, शस्य विज्ञान, कृषि वनस्पति विज्ञान की परीक्षा हुई। वहीं दूसरी पाली में हाईस्कूल के सुरक्षा विषय के अलावा इंटर में भौतिक विज्ञान, मनोविज्ञान, शिक्षा शास्त्र व तर्कशास्त्र विषय की परीक्षाएं संपन्न हुईं। दोनों ही में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षाएं संपन्न हुई।
हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय के लिए कुल 51739 छात्र छात्राओं ने पंजीकरण कराया था, जिसमें से 48214 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। वहीं 3525 छात्र छात्राओं ने किन्हीं कारणों से परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में हाईस्कूल के अंग्रेजी का पेपर देकर निकले ज्यादातर छात्र छात्राओं के चेहरे खिले दिखाई दे रहे थे। वहीं कुछ छात्र मायूस होकर घर जाते दिखाई दिए। प्रश्नपत्र देकर निकले बच्चों का कहना था कि कुछ सवालों को छोड़कर बाकी पूरा प्रश्नपत्र अच्छा और ठीक था।
पेपर अच्छा था। सभी सवालों के जवाब दिए हैं। 70 अंक के प्रश्नपत्र में 50 से ऊपर अंक मिलने की पूरी उम्मीद है। ग्रामर के सवालों को समझने में थोड़ी देर लगी थी। - मनीष
स्कूल में अध्यापक ने जिस तरह से अंग्रेजी विषय की तैयारी कराई थी। उसी के हिसाब से प्रश्नपत्र में सवाल पूछे गए थे। शुरूआत के बीस मिनट प्रश्नों को पढ़ने में निकल गया। फिर भी सब ठीक रहा। - अभय
हिन्दी से अंग्रेजी में अनुवाद करने को लेकर थोड़ी परेशानी हुई थी। इसको सबसे आखिरी में लिखा , क्योंकि पेपर में समय का भी ध्यान देना था। निर्धारित समय में सभी प्रश्नों के उत्तर देने थे, इसलिए तेजी के साथ उत्तर दिए। - अनुज
नोट्स बनाकर विषय की तैयारी की थी। इसी का नतीजा रहा कि सवालों को समझने में ज्यादा देर नहीं लगी। पेपर सरल आया। मेहनत का असर परिणाम आने के बाद ही दिखाई देगा। - विकास