लखीमपुर खीरी। डेलीगेट चुनाव को लेकर इस समय मुद्दा गर्म है। कई जगहों पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इधर, पब्लिक इंटर कॉलेज में स्कूल कमेटी भंग होने के बाद भी प्रधानाचार्य ने लेटर पैड पर अपना प्रतिनिधि नियुक्ति करने के लिए अनुमोदन किया है। मिल के सचिव को भेजे गए पत्र में उन्होंने अकील अहमद खां को नामित किया है। मामले की जानकारी होने पर डीआईओएस ने कार्रवाई करने की बात कही है।
संपूर्णानगर स्थित किसान सहकारी चीनी मिल में डेलीगेट का चुनाव होना है। इधर, पब्लिक इंटर कॉलेज में इस समय कमेटी भंग चल रही है। कमेटी भंग होने के बाद भी स्कूल के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश गौड़ ने मिल के सचिव को पत्र लिखकर अपना प्रतिनिधि नामित किया है।
तीन अक्टूबर को जारी किए गए पत्र में प्रधानाचार्य में अकील अहमद खां को प्रतिनिधि के रूप में नामित किया है। नियमत: कमेटी भंग होने पर डीआईओएस की ओर से चयनित प्रतिनिधि ही डेलीगेट चुनाव में स्कूल की ओर से प्रतिनिधित्व कर सकता है। प्रधानाचार्य की ओर से जारी पत्र लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कमेटी भंग होने पर प्रधानाचार्य को प्रतिनिधि नामित करने का अधिकार नहीं है। अगर कोई ऐसा पत्र जारी किया गया है तो प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। वहीं कॉलेज के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश गौड़ ने बताया कि अगर इस पत्र पर कोई आपत्ति करता है तो इसे निरस्त कर दिया जाए।