लखनऊ-दिल्ली के लिए मिला नया रेलमार्ग
लखनऊ-सीतापुर-लखीमपुर-पीलीभीत खंड का आमान परिवर्तन होने के बाद लखनऊ से दिल्ली के लिए एक नया रेलमार्ग जुड़ गया है। इस मार्ग पर तीन जोड़ी नई पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की रेल मंत्रालय से अनुमति मिलने के बावजूद इनका संचालन शुरू नहीं हो सका है। क्षेत्रवासी लखीमपुर, मैलानी, पीलीभीत होते हुए दिल्ली, पंजाब आदि जगहों के लिए ट्रेनें चलवाने की मांग कर रहे हैं।
बहराइच-गोंडा रेल लाइन को ब्रॉडगेज किया जाए: सांसद
खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा ने मैलानी से बहराइच गोंडा रेल लाइन को ब्रॉड गेज परिवर्तन कराने के लिए रेल मंत्री से दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने शारदा नदी की बाढ़ में कटे पलिया-भीरा रेल मार्ग को भी अविलंब ठीक कराने के लिए पत्र दिया है। सांसद ने रेल मंत्री से जनता की परेशानियों को भी बताया है।
सांसद ने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान बताया लोकसभा 28-खीरी में पलिया से बेलराया तक रेल लाइन का अधिकांश हिस्सा वन क्षेत्र से गुजरता है। इसको हटाने के लिए कई याचिकाएं लंबित हैं। इस समस्या के समाधान के लिए पलिया से बेलरायां रेल मार्ग को हटा कर पलिया से निघासन और निघासन से बेलरायां नई रेल लाइन बनाई जाए।
सांसद ने रेल मंत्री को बताया कि शारदा की बाढ़ से पलिया भीरा की बीच करीब 200 मीटर कट गई है। इससे रेल मार्ग अवरुद्ध है। इसे अतिशीघ्र ठीक कराया जा। सांसद उत्कर्ष वर्मा ने लखनऊ की तरफ से चलकर लखीमपुर-खीरी होते हुए दिल्ली तक और लखनऊ की तरफ से चलकर हरिद्वार की ओर ट्रेनें बढ़ाने के लिए कहा है।