संपूर्णानगर। महंगापुर स्थित गुरुद्वारा नानक प्याऊं होला मोहल्ला में गुरमत समागम के आखिरी दिन बड़ी संख्या में उमड़ी संगत ने पहुंचकर माथा टेका। देश-विदेश से पहुंची संगत ने गुरुद्वारा में चल रहे अटूट लंगर का प्रसाद छका। सतनाम वाहे गुरु के नारों से पूरा गुरुद्वारा बुलंद रहा।
संत बाबा गुरनाम सिंह ने अपनी वाणी से निहाल करते हुए सतनाम वाहे गुरु के सिमरन का महत्व बताया। कहा कि जहां भी रहें, समय निकालकर सिमरन करें। गुरु के सिमरन करने व नाम जपने में बहुत शक्ति होती है। रागी फतेह सिंह ने संत बाबा तारा सिंह को याद कर कहा कि आज हम सब जिस धरती पर बैठे हैं, यह देन बाबा तारा सिंह की है।
संत बाबा घोला सिंह, मुख्य सेवादार संत बाबा गुरनाम सिंह, दरबार साहिब में ज्ञानी रघुवीर सिंह, ज्ञानी बलविंदर सिंह, ज्ञानी गुरचरण सिंह, भाई हरजोत, भाई हीरा सिंह, भाई इकबाल सिंह, भाई निर्मल सिंह, भाई मजताब सिंह, स्टेज सेकेट्री सुखविन्दर सिंह, भाई जोगा सिंह ने तीनों दिन संगत को अपनी वाणी से निहाल किया। वहीं, गुरुद्वारा के संत बाबा गुरनाम सिंह ने सभी संगत, सेवादारों के साथ ही प्रशासन का संत आभार जताया। बाबा गुरनाम सिंह, गुरुद्वारा मैनेजर गुरविंदर सिंह, भाई गुरप्रीत सिंह भिंडर, तीर्थ सिंह, प्रधान गुरमीत सिंह, बिट्टू सिंह, सर्वजीत सिंह, सुरेंद्र गिल, गुरदीप सिंह, जसमेल सिंह आदि सेवादार मौजूद रहे।
वन बीट की तरफ से लगाया गया शिविर
भीरा वन बीट ग्रुप की तरफ से तीन दिन चले विशाल गुरमत समागम में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया। चिकित्सकों ने सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड बैंक, आंख समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराईं।