लखीमपुर खीरी। शनिवार को धौरहरा क्षेत्र में पीवी मार्ग बसंतापुर का निर्माण बेहद घटिया होने का वीडियो वायरल हुआ। इस पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने मामले को झूठा बताते हुए सफाई दी है। कहा, जिस सड़क का निर्माण पूरा होने की बात वायरल वीडियो में कही जा रही है, वह गलत है। काम अभी पूरा नहीं हुआ है, बल्कि चल रहा है।
शनिवार को धौरहरा इलाके की पीवी रोड (बसंतापुर) के नोटिस बोर्ड व सड़क का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें दिखाया गया कि बसंतापुर से धौरहरा को जोड़ने वाली रोड की हालत जर्जर है, जबकि निर्माण पूरा होने का बोर्ड लग गया है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने एक प्रेस नोट जारी कर बताया कि एफडीआर तकनीक के जरिये 15.35 किमी सड़क का 15.59 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मिट्टी कार्य, सीडी वर्क व एफडीआर स्तर का काम हो चुका है।
बिटुमिनस कॉरपेट का काम चल रहा है। वीडियो वायरल होने के संबंध में कहा कि सूचना बोर्ड पर शासन के निर्देश के अनुसार लिखा जाता है कि कार्य कब शुरु होगा और उसके पूरा होने की अनुमानित तिथि क्या होगी। बता दें कि बोर्ड पर कार्य पूर्ण होने की तिथि 15 अगस्त 2023 अंकित है। इसी को लेकर सवाल उठे हैं।
उधर, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता हेमंत सक्सेना का कहना है कि कार्य प्रगति पर है। काम पूरा करने की तिथि 28 फरवरी बोर्ड पर अंकित कराई गई है। काम पूरा न हो पाने पर तिथि आगे बढ़ाई जाती है। सूचना बोर्ड पर प्रस्तावित तिथि को भी अंकित कराया है।