पलिया के नगला गांव में मृतक के घर लगी भीड़।
पलियाकलां। इलाके के नगला गांव में घर से दोस्तों के साथ निकले 15 वर्षीय किशोर सौरभ की मौत मामले में परिजनों ने हंगामा किया। शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। पुलिस ने मृतक के तीन दोस्तों को हिरासत में लिया है।
नगला गांव निवासी रामसागर का 15 वर्षीय पुत्र सौरभ शुक्रवार को अपने तीन दोस्तों के साथ घर से निकला था। जिसके बाद से वह लापता था। शनिवार सुबह सुतिया नाले के कुंडा से उसका शव बरामद हुआ था। मृतक के पिता रामसागर ने साथ गए दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया था। देर रात करीब नौ बजे शव जब पीएम के बाद घर पहुंचा तो परिवार वालों ने पुलिस को नामजद तहरीर दी। तीनों दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग कर अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया। लेकिन परिजन अपनी बात पर अड़े रहे। इसके बाद दबाव में आई पुलिस ने नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि तीनों युवकों ने मृतक की डूबने से मौत की बात कही है। इनके बयान दर्ज करने के बाद एसडीएम ने पीड़ित परिवार को मुआवजे की बात कही। जिस पर परिजन मान गए और रविवार दोपहर एक बजे के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया
कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा का कहना है कि तीन दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीएम रिपोर्ट में डूबने से मौत की बात आई है। उन्होने मामले में किसी प्रकार का मुकदमा न दर्ज करते हुए हत्या की बात को सिरे से खारिज किया है।