प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर और शील्ड देकर किया गया सम्मानित। -स्रोत खेल
लखीमपुर-खीरी। लालपुर स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय बैडमिंटन और टेनिसबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप का मंगलवार को समापन हो गया। मुख्य अथिति इंडियन बैंक के जोनल मैनेजर मिथिलेश कुमार, जिला क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार भारती और रोटरी क्लब के वासिफ खान ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बैडमिंटन के पुरुष एकल फाइनल में क्षितिज बाजपई ने पवन अग्रवाल को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। युगल में क्षितिज बाजपेई-चित्रांश गौड़ ने पवन अग्रवाल-अंकित कुमार की जोड़ी को हराया। ओपन मिक्स डबल में शुब्रांशु कुमार-दृष्टि ने हेमंत राय-नगमा को हराया। वेटरंस में डॉ. अरविंद गुप्ता-गुरुदेव सिंह ने डॉ. आरके गुप्ता-वासिफ खान को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। अंडर-15 सिंगल में कार्तिकेय ने विशाल, डबल्स में विशाल-कार्तिक ने शौर्य-विशाल को हराया। अंडर-19 बालक में क्षितिज ने प्रांजल और डबल्स में क्षितिज-हेमंत ने देवांश-कार्तिकेय को मात दी।
बालिका सिंगल में कृतिका ने उसबा खातून को हराया। टेनिस बॉल क्रिकेट का फाइनल मैच रॉयल प्रूडेंस अकादमी और ज्ञानदायनी इंटर कॉलेज के बीच खेला गया। इसमें रॉयल प्रूडेंस ने 12 रन से जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा किया। जिला ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव शारिफ तारा, संघ के वाइस प्रेसिडेंट राजीव राय, टेनिसबॉल क्रिकेट एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट विवेक कुमार, सीनियर खिलाड़ी पवन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।