लखीमपुर में शुक्रवार को जीआईसी मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा को लेकर शहर में ट्रैफिक रूट डायवर्जन लागू किया गया है। इसमें पार्किंग, रोडवेज बसों के संचालन के दिशा निर्देश जारी किये गए हैं। रोडवेज बसें भी अब अड्डे तक नहीं आएंगी। बसों को दूसरे रूट से निकाला जाएगा।
विज्ञापन
सीएम योगी की जनसभा से एक दिन पहले ही आईजी तरुण गाबा ने शहर में डेरा डाल दिया। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि शहर में पांच पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इसमें एक वीवीआईपी व वीआईपी पार्किंग बनाई गई है। दो रूट डायवर्जन बनाए गए हैं। जबकि, सौजन्या तिराहा, हीरालाल धर्मशाला, ईसाई कब्रिस्तान, विकास भवन के सामने बैरियर लगाए गए हैं।
पार्किंग
1- मंडी समिति परिसर राजापुर:- रामापुर, खीरी, ओयल, गोला, बेहजम की ओर से आने वाले छोटे चार पहिया वाहन व बसें मण्डी समिति परिसर राजापुर में पार्क करायी जाएंगी ।
2- बिलोबी हाल- निघासन व पलिया की ओर से आने वाले सभी छोटे चार पहिया वाहन मेला मैदान, इमली तिराहा होते हुए बिलोबी हाल में पार्क कराये जाएंगे। पार्किंग भर जाने के पश्चात वाहनों को पुराना एसपी बंगला में पार्क कराया जाएगा।
3- पुराना एसपी बंगला- निघासन व पलिया की ओर से आने वाले सभी बसों को मेला मैदान, इमली तिराहा होते हुए पुराना एसपी बंगला में पार्क कराए जाएंगे।
4- वीवीआईपी पार्किंग विकास भवन- वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग विकास भवन परिसर में करायी जाएगी। वीवीआईपी पार्किंग भर जाने के बाद सभी वाहनों को कम्फर्ट-इन होटल के बगल में पार्क कराया जाएगा।
5- वीआईपी पार्किंग होटल कम्फर्ट-इन के पास में वीवीआईपी पार्किंग भर जाने पर सभी वाहनों को कम्फर्ट-इन होटल के पास में पार्क कराया जायेगा ।
रूट डायवर्जन
1- राजापुर से शहर की तरफ ने वाले वाहन सौजन्या तिराहा, डीसी रोड, नौरंगाबाद तिराहा, शाहपुरा कोठी चौराहा होते हुए अपने गंतव्य को जायेंगे।
2- एलआरपी, गोला की ओर से आने वाले वाहन जिन्हे रोडवेज व राजापुर की ओर जाना है वह हीरालाल धर्मशाला से सदर चौराहा होते हुए अपने गंतव्य को जायेंगे।
मुख्यमंत्री की जनसभा के कारण रोडवेज बसें भी अब अड्डे तक नहीं आएंगी। एआरएम मुकेश मेहरोत्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री की रैली के दौरान शुक्रवार को सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक रोडवेज बसों का संचालन राजापुर एवं एलआरपी चौराहे से होगा। यात्रियों को बसें राजापुर एवं एलआरपी से ही मिलेगीं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में चालक परिचालकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। एआरएम ने बताया कि राजापुर से ऐरा, धौरहरा, रूपैइडिहा, लगुचा, लहरपुर के लिए बस संचालन होगा और एलआरपी से गोला, शाहजहांपुर, बरेली, सीतापुर व लखनऊ के लिए।