लखीमपुर खीरी। शनिवार रात 11 बजे से गोला कस्बे और प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू हो गया। भारी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। ई-रिक्शा व अन्य सवारी वाहनों के संचालन को प्रतिबंधित किया गया है। यह व्यवस्था सोमवार की रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगी।
सावन मेला और कांवड़ यात्रा को लेकर गोला होकर गुजरने वाले भारी वाहनों को अन्य मार्गों से निकाला जाएगा। लखीमपुर से शाहजहांपुर-खुटार जाने वाले वाहनों को मोहम्मदी बाईपास से आगे भेजा जाएगा। शाहजहांपुर की ओर से आने वाले वाहनों को भी बाईपास से भेजा जाएगा। वहीं, अलीगंज से गोल की ओर जाने वाले वाहनों को नवीन मंडी एफसीआई गोदाम तिराहे से निकाला जाएगा। बरेली, पीलीभीत व बहराइच जाने वाले वाहनों को खुटार से मैलानी, पलिया के रास्ते भेजा जाएगा। फरधान के मनिकापुर तिराहे से भी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है।