परिचालकों की चार साल पुरानी मांग हुई पूरी
लखीमपुर खीरी। रोडवेज डिपो के परिचालकों की चार साल पुरानी मांग पूरी हो गई है। लखीमपुर डिपो को परिवहन विभाग की ओर से 60 टच स्क्रीन ई-टिकटिंग मशीन उपलब्ध कराई गई हैं। इन मशीनों के आने से परिचालकों को सहूलियत मिलेगी।
लखीमपुर बस अड्डे के परिचालकों को विभाग ने स्मार्ट ई-टिकटिंग मशीनें मुहैया कराई हैं। परिचालकों के पास जो मशीनें थीं वह कंडम हो गई थीं। ई-टिकट मशीन की कमी होने से बसों का संचालन तक प्रभावित हो रहा था। अधिकतर मशीनों के कंडम होने के कारण परिचालक मैनुअल टिकट बनाकर वेबिल पर इंट्री करने के लिए मजबूर होते थे। इसके बाद बस अड्डा पहुंचने पर वेबिल से रिकार्ड मिलाकर कैश जमा करते थे। टिकट बनाने से लेकर कैश जमा करने में परिचालकों को काफी समय लगता था। हाथ से टिकट बनाने के कारण परिचालक छोटी दूरी के यात्रियों को बैठाने से परहेज करते थे। इससे रोडवेज की आय प्रभावित हो रही थी। बृहस्पतिवार को परिवहन निगम के क्षेत्रीय मुख्यालय हरदोई से ई-टिकटिंग टच स्क्रीन मशीन मिलने से कंडक्टरों में खुशी है।
डिपो को 60 टच ई-टिकटिंग मशीनें मिल गईं हैं। मशीनों को रूट के अनुसार अपडेट किया जा रहा है। इसके बाद इन्हें परिचालकों को सौंप दिया जाएगा। इससे परिचालकों को टिकट बनाने में आसानी रहेगी।
- जोगेंद्र सिंह, एआरएम लखीमपुर डिपो