तिकुनिया। भारत-नेपाल सीमा पर चंदन चौकी से कौड़ियाला गुरुद्वारा तक 26 किलोमीटर लंबी नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा। बाॅर्डर डेवलपमेंट योजना के तहत बनने वाली इस सड़क के लिए किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। सड़क निर्माण से सीमावर्ती क्षेत्र में आवागमन बेहतर हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता विवेक आनंद श्रीवास्तव और अनुज दीक्षित ने बताया कि बॉर्डर सड़क परियोजना वर्ष 2014-15 में शुरू हुई थी। अब इस परियोजना के तहत तिकुनिया नेपाल सीमा इलाके में सड़क निर्माण होना है। पहले चरण में पीलीभीत जिले में शारदापुरी से सुमेर नगर तक सड़क का निर्माण कराया गया। इसके बाद बनकटी से चंदन चौकी तक सड़क निर्माण पूरा हो गया है। अब यह सड़क चंदन चौकी से पचपेड़ा, परसिया, गोलबोझी, बेलापरसुआ, किशन नगर, कड़िया, गुलरिया पत्थरशाह, बनवीरपुर होकर कौड़ियाला गुरुद्वारा आकर मिलेगी। सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर होगी। सड़क की चौड़ाई के हिसाब से 30 फुट भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है।
इन गांवों में हो चुका भूमि अधिग्रहण
अब तक ग्राम पंचायत बरसोला कला, सूरत नगर, सुथना बरसोला, बनवीरपुर के 30 किसानों की भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है। अन्य किसानों की भूमि के अधिग्रहण का कार्य तेजी से चल रहा है। किसान प्रगट सिंह, गुड्डू, व्यापारी परशुराम महावर, अशोक सिंघल और अनिल महावर ने बताया कि सड़क निर्माण के बाद मोहाना नदी में हर साल आने वाली बाढ़ से राहत मिलने की संभावना है।
-
सुगम होगा नेपाल से खीरी और बहराइच का सफर
सड़क बनने से नेपाल सीमा से लखीमपुर खीरी और बहराइच का सफर आसान हो जाएगा। यह सड़क कौड़ियाला गुरुद्वारा में आकर मिलेगी। यहां से खैरेटिहा से मझरापूरब और मिहीपुरवा होकर बहराइच को सड़क जाती है। इस सड़क से जुड़ जाने से लोगों को आवागमन में आसानी होगी। मोहाना की बाढ़ का खतरा भी कम हो जाएगा।