कस्बे के रेलवे स्टेशन रोड पर एक्सल टूटने से टेंपो पलट गया। इससे टेंपो
में सवार दंपति सहित 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच राहगीरों ने
टेंपो से सवारियों को बाहर निकालकर राहत प्रदान की। घटना की सूचना पर चौकी
पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी निघासन भेजा। ग्राम पंचायत
भिड़ौरा निवासी चुन्ना ने बताया कि शनिवार की सुबह सिंगाही से टेंपो में
सवार होकर सोनारीपुर मंदिर पर जाने के लिए बेलरायां रेलवे स्टेशन जा रहा
था। इस बीच बेलरायां रेलवे स्टेशन रोड के गन्ना विकास परिषद कार्यालय के
पास टेंपो के पिछले पहिया का एक्सल टूट गया, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर
मार्ग की बाएं ओर गड्ढे में पलट गया। इससे टेंपो में सवार ग्राम भिड़ौरा
निवासी टन्नूलाल, दुर्गाप्रसाद के अलावा सिंगाही निवासी शत्रोहनलाल, सीबू,
सरवन, नासिर और उनकी पत्नी सकीना के अलावा चालक कन्हैया लाल सहित 10 लोग
गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच राहगीरों और आसपास के लोगों ने टेंपो में
फंसी सवारियों को बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना पर बेलरायां
पुलिस चौकी इंचार्ज रामगोपाल ने मौके पर जाकर घायलों को उपचार के लिए 108
एंबुलेंस से सीएचसी निघासन भेजा।