गोला गोकर्णनाथ। जालसाजों के फर्जी बैनामा कराकर एक ईसाई महिला की जमीन हड़पने के मामले में पुत्र ने कोर्ट के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।
लखनऊ के राजाजीपुरम निवासी सनी आर्थर फिलिप्स ने बताया कि मां स्व. एलिजाबेथ के नाम पर ग्राम ढाका कुकुरा में गाटा संख्या 37 पर 6.8760 हेक्टेयर भूमि है। 28 अप्रैल 2012 को 12 प्रताप इन्क्लेव शाहजहांपुर निवासी संजय सक्सेना, 258 सदर बाजार शाहजहांपुर निवासी अरुण गुप्ता, गांव भूरखेड़ा पुवायां शाहजहांपुर निवासी हरिओम गुप्ता, 142 खिरनी बाग शाहजहांपुर निवासी श्याम मनोहर और शाहजहांपुर चिनौर निवासी राजेश शुक्ला ने धोखाधड़ी कर एक फर्जी महिला के फोटो व अंगूठा लगवा कर उपनिबंधक कार्यालय गोला में बैनामा कराकर जमीन हड़प ली।
मां का 21 नवंबर 2023 को 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। इधर, आरोपी हरिओम गुप्ता ने भूमि पर एक बैंक से तीन लाख रुपये का ऋण भी ले लिया। कोतवाली पुलिस ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लखीमपुर के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।