निघासन। अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने वालों को पकड़ने गए पढुआ पुलिस चौकी के सिपाहियों के साथ मारपीट मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। सिंगाही पुलिस ने चार लोगों को नामजद कर कई अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
रविवार को थाना निघासन की पुलिस चौकी पढुआ के हेड कांस्टेबल अबरार अहमद अपने साथी सिपाही आलोक, नीरज और अमन के साथ सादे कपड़ों में अवैध शराब की तलाश में गए थे। सभी सिपाही एक युवक का पीछा करते हुए थाना सिंगाही क्षेत्र के महादेव टांडा के निकट बथुआ टांडा पहुंच गए। गांव के बाहर खेतों में काम कर रहीं महिलाओं से उसका पता पूछने पर ग्रामीणों और सिपाहियों में कहासुनी हो गई। खाकी का रौब दिखाते हुए आपत्तिजनक व्यवहार करने से नाराज महिलाओं ने सिपाहियों को घेर लिया और बंधक बनाकर चारों की जमकर पिटाई कर दी थी। इससे सिपाही चोटिल हो गए थे। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई थी। सूचना पर पहुंचे एसओ सिंगाही दिनेश कुमार सिंह ने सिपाहियों को बंधन मुक्त कराया था। थाना सिंगाही पुलिस ने इस मामले में हेड कांस्टेबल अबरार अहमद की तहरीर पर गांव बथुआ टांडा निवासी जोगेंद्र, जुबराती, राजेश, वारिश उर्फ सत्तू और अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट, आबकारी अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद