लखीमपुर खीरी। निघासन रोड स्थित एक देशी शराब की दुकान का निरीक्षण करने गई आबकारी टीम पर युवक ने लाठी से हमला कर दिया। इससे काफी हंगामा हुआ। आबकारी टीम और युवक के बीच हुई झड़प में एक सिपाही की वर्दी भी फट गई। हंगामा होने की जानकारी पर मौके पर लोग एकत्र हो गए। आबकारी निरीक्षक ने एक आरोपी के खिलाफ कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आबकारी निरीक्षक सदर अवधेश कुमार ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर वह शुक्रवार की देर शाम हेड कांस्टेबल राम सिंह, मोहम्मद दानिश, सिपाही श्रीराम के साथ शराब दुकानों की जांच करने गए थे। टीम निघासन रोड पर देशी शराब की दुकान पर पहुंची। कुछ लोगों को दुकान के बाहर शराब पीते देख मना किया। टीम आगे चली गई।
आरोप है कि हेड कांस्टेबल राम सिंह के मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने धमकी देते हुए कहा कि दुकान पर क्यों आए। गाली गलौज करने लगा। अवधेश ने बताया कि टीम वापस देशी शराब की दुकान पर आई तो सेल्समैन के साथ बैठा एक युवक गाली गलौज करते हुए लाठी लेकर दौड़ पड़ा और हाथापाई की कोशिश करने लगा।
किसी तरह से टीम ने अपना बचाव किया। आबकारी इंस्पेक्टर अवधेश कुमार ने आरोपी दिलीप सिंह के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट कराई है। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।