- खीरी टाउन क्षेत्र के सौ अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी
- लखीमपुर से बिसवां तक चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर-बाराबंकी नेशनल हाईवे 727 पर अतिक्रमण हटाने के लिए खीरी टाउन क्षेत्र के करीब सौ अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इस मार्ग पर सड़क के सेंटर से दोनों ओर नौ मीटर से 14 मीटर तक चौड़ाई को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना है।
हाईवे समेत प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई के क्रम में पीडब्ल्यूडी के खंड नेशनल हाईवे ने लखीमपुर-बाराबंकी एनएच को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
अधिशासी अभियंता शुभ नारायण ने बताया कि लखीमपुर से बिसवां तक करीब 54 किलोमीटर एरिया हमारे डिवीजन में आता है। इसमें से लखीमपुर से खीरी टाउन तक करीब 100 अतिक्रमणकारियों को चिह्नित किया गया है। उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण न हटाने पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।