पलिया के श्रीनगर गांव में बाढ़ राहत किट देते एसडीएम व अन्य।
पलियाकला। शारदा और सुहेली नदियों के उफनाने से बाढ़ की विभीषिका झेल रही कई गांवों की हजारों की आबादी के लिए बंटने आ रही राहत सामग्री अपर्याप्त साबित हो रही है। सभी बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
शनिवार को करीब 250 बाढ़ राहत सामग्री के पैकेट आए, जिनका वितरण एसडीएम कार्तिकेय सिंह व सीओ यादवेंद्र यादव ने श्रीनगर गांव के ग्रामीणों में किया। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ग्रस्त इलाके में काफी जनसंख्या निवास करती है। ऐसे में सबके हिसाब से जल्द बाढ़ राहत सामग्री का वितरण होना चाहिए। उनका कहना है कि वह कब तक प्रशासन के लंच पैकेट के भरोसे बैठे रहें। सामग्री मिल जाने से वह खुद ही अपने स्तर से खाने की व्यवस्था कर लेंगे। संवाद