लखीमपुर खीरी। एक गांव निवासी महिला ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर पड़ोसी गांव के एक युवक पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर संबंध बनाने का आरोप लगाया। युवक ने नहाते समय महिला का वीडियो बना लिया था। आरोप है कि युवक ने महिला से 1.50 लाख रुपये भी लिए।
तहरीर में महिला ने बताया कि महेवागंज इलाके के गांव निवासी युवक का पति के साथ उसके घर आना-जाना था। आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व युवक ने उसका नहाते समय का वीडियो बना लिया। वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ जबरन संबंध बनाए। आए दिन शारीरिक शोषण करता रहा। महिला का आरोप है कि एक दिन युवक पति की गैर मौजूदगी में उसके घर आ धमका और 1.50 लाख रुपये भी ले गया।
17 सितंबर को युवक ने वीडियो डिलीट करने का झांसा देकर उसे रिलायंस पेट्रोल पंप के पास बुलाया और गहने लूट लिए। आरोप है कि इस संबंध में एलआरपी चौकी पर शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। एसएसआई सुनीत कुमार ने बताया कि अभी इस तरह का कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। जानकारी की जा रही है।