लखीमपुर खीरी। अमृत भारत योजना के तहत चयनित लखीमपुर रेलवे स्टेशन के कायाकल्प की कवायद तेज हो गई है। पुराने भवनों को खाली कराया जा रहा है। उधर, टिकट घर के बाहर बनी पार्किंग और बाउंड्री को तोड़ दिया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि योजना के तहत मार्च 2024 तक स्टेशन के सौंदर्यीकरण का काम पूरा होना है।
देश भर से करीब एक हजार रेलवे स्टेशनों में लखीमपुर, गोला और मैलानी जंक्शन भी अमृत भारत योजना में शामिल है। लखीमपुर स्टेशन का करीब साढ़े आठ करोड़, गोला का छह करोड़ और मैलानी जंक्शन का सात करोड़ रुपये से कायाकल्प होगा। कायाकल्प के तहत होने वाले सौंदर्यीकरण की कवायद भी स्टेशनों पर शुरू हो गई है। लखीमपुर स्टेशन पर टिकट घर और पार्किंग स्थल के बीच बनी बाउंड्री को गिरा दिया गया है। इसके अलावा पुुराने भवन में चल रहे ऑफिस एवं आवास खाली करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। पुराने भवन में चले रहे कार्यालय प्लेटफार्म पर बने प्रतीक्षालय, स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में शिफ्ट होने लगे हैं।
एफओबी के साथ लगेगी लिफ्ट
लखीमपुर स्टेशन पर यात्रियों के लिए जहां लिफ्ट लगेगी, तो वहीं स्टेशन के उस तरफ स्थित राजगढ़, ईदगाह आदि मोहल्लों में रहने वालों के लिए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) भी बनेगा। इसके अलावा स्थानीय कला एवं संस्कृति को शामिल करते हुए स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म का सौंदर्यीकरण होगा। प्लेटफार्म सरफेस का अपग्रेडेशन, स्टेशन फसाड, परिसर में उन्नत लाइटिंग, कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल घड़ियां, उद्घोषणा प्रणाली, सोलर प्लांट, वाटर कूलर, एयर कंडीशनर, ग्लोसाइन बोर्ड, एलईडी, नाम पट्टिकाओं, प्रतीक्षालय, शौचालयों का आधुनिकीकरण करने के साथ पुरानी सुविधाओं को हाईटेक किया जाएगा।