बांकेगंज। प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) व विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी ने पेड़ कटान मामले में रिश्वत लेते पकड़े गए रेंजर गजेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है। मामले में शामिल वन दरोगा राजेंद्र प्रसाद वर्मा को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। डीटीआर बफरजोन की दक्षिण निघासन रेंज के पृथ्वीपुरवा गांव निवासी किसान पूरन ने खेत में लगे तीन शीशम के पेड़ों के कटान के लिए आवेदन किया था। रेंजर और फॉरेस्टर ने परमिट और निकासी के लिए कुल 48 हजार रुपये की मांग की थी। किसान की शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने रेंज मुख्यालय में छापा मारकर दोनों को रंगे हाथों रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। दुधवा टाइगर रिजर्व के एफडी डॉ. एच राजामोहन ने मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए वन दरोगा राजेंद्र प्रसाद वर्मा को निलंबित कर दिया था। जबकि रेंजर गजेंद्र सिंह यादव के निलंबन के लिए संस्तुति वन मुख्यालय भेजी गई थी। संवाद