तिकुनिया हिंसा को लेकर एक निजी चैनल को दिए गए साक्षात्कार का वीडियो वायरल हुआ तो राकेश टिकैत ट्रोल हो गए। हालांकि, बाद में उन्होंने वीडियो जारी कर सफाई दी कि बयान को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है और उनका वह बयान किसानों पर गाड़ी चढ़ाने वाले लोगों से जुड़ा हुआ है।
एक निजी चैनल के साथ राकेश टिकैत के साक्षात्कार की 30 सेकेंड की एक क्लिप वायरल हो गई, जिसमें वह कहते दिखे कि ''गांव की एक पुरानी कहावत है कि जो डॉगी होता है उससे पांच-छह फुट की दूरी पर चलना चाहिए, नहीं तो वह काट लेगा। जो खराब आदमी होते हैं, खराब नस्ल के लोग होते हैं उनसे 21 फुट की दूरी बताई गई। तो ये तो गुंडे आदमी हैं, हम तो इनसे बचके चले हैं। तो ऐसे ही लखीमपुर खीरी के लोग हैं, इनसे बचना पड़े है।''
इस 30 सेकेंड की क्लिप के वायरल होने के बाद राकेश टिकैत ने डेढ़ मिनट का वीडियो जारी कर सफाई दी कि उनकी बात को तोड़-मरोड़ कर चलाया गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने मंत्री अजय टेनी और उनकी टीम के लिए वह बात बोली है, जिन्होंने किसानों पर गाड़ी चढ़ाई, जिन पर पहले से ही कई केस दर्ज हैं।
उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि बहुत आदमी इस बात को फैलाएंगे कि पूरे लखीमपुर के लिए कहा लेकिन हम साफ करते हैं कि जिन्होंने गुंडागर्दी की, किसानों को मारा है, उनके लिए कहा है, पूरे लखीमपुर के लिए नहीं कहा।