लखीमपुर खीरी। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को पीवीसी कार्ड वितरित किए गए। यह कार्ड एटीएम की तरह हैं। यह कार्ड पानी आदि में भीगने पर भी खराब नहीं होगा। शनिवार को सीएचसी बेहजम के गांव करनपुर में लाभार्थियों को पीवीसी कार्ड वितरित किए।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को पीवीसी कार्ड का वितरण का शुभारंभ वाराणसी में किया, जिसका जिले के लाभार्थियों को सजीव प्रसारण दिखाया गया। आयुष्मान योजना के नोडल एवं एसीएमओ डॉ. बीसी पंत ने सीएचसी बेहजम में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को पीवीसी कार्ड के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
एसीएमओ ने बताया कि जिला एवं महिला अस्पताल सहित सभी 15 सीएचसी पर कार्ड धारकों का मुफ्त इलाज हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के 26000 से अधिक लाभार्थी योजना के तहत इलाज करा चुके हैं। वहीं, साढे छह लाख से अधिक गोल्डन कार्ड बन चुके हैं। सीएचसी अधीक्षक बेहजम डॉ. अनिल वर्मा, संतोष शुक्ला, जिला शिकायत प्रबंधक अनुज प्रताप सिंह, आयुष्मान मित्र प्रशांत पांडे, आशा आदि मौजूद रहे।
पांच लाख के इलाज की मुफ्त सुविधा
आयुष्मान योजना के डॉ. अक्षत ने बताया कि पात्र लाभार्थी को हर साल पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। योजना में 14 सौ से अधिक बीमारियों को शामिल किया गया है। इसमें जटिल बीमारियों से लेकर ऑपरेशन तक शामिल है।
इन निजी अस्पतालों में मिलेगा नि:शुल्क इलाज
सलूजा नर्सिंग होम, सृजन नर्सिंग होम, आयुष नर्सिंग होम, अनुपम नर्सिंग होम, चंदरानी हॉस्पिटल, रघुनाथ हॉस्पिटल, मोहन आई केयर, टंडन आई हॉस्पिटल, उमा प्रभा नेत्रालय, डॉ. श्रॉफ चेरिटी आई हॉस्पिटल, वनबीट दशमेश चैरिटेबल हॉस्पिटल, शिवलोक हॉस्पिटल, नाइस नर्सिंग होम, एसएस हॉस्पिटल, एसके मजूमदार हॉस्पिटल।