लखीमपुर खीरी। फूलबेहड़ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बसहाभूड़ में वायरल वीडियो की जांच के बाद बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने आरोपी प्रधानाध्यापक विश्वदीपक सक्सेना को निलंबित कर दिया है।
मंगलवार को परोसे गए एमडीएम की दाल में कीड़े निकलने और छात्राओं के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बुधवार को बीएसए ने बताया कि वायरल वीडियो में छात्राओं ने जो आरोप लगाए थे, जांच के दौरान सत्य पाए गए। बीईओ की आख्या मिलने के बाद बीएसए ने तत्काल प्रभाव से प्रधानाध्यापक विश्वदीपक सक्सेना को निलंबित कर दिया है।
बीएसए ने बताया कि निलंबन के दौरान उन्हें फूलबेहड़ के प्राथमिक विद्यालय जंगल नं. 10 से अटैच किया गया है। बीएसए की कार्रवाई के बाद महकमे में खलबली मची है।