महाशिवरात्रि के मौके पर भी जिला मुख्यालय पर बिजली-पानी को लेकर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हर रोज सुबह सात बजे होने वाली बिजली की रोस्टरिंग मंगलवार को भी जारी रही। बता दें कि लखीमपुर शहर में 15 घंटे की बिजली सप्लाई देने का रोस्टर लागू है। सुबह सात बजे से लेकर 11 बजे तक और रात 11 बजे से लेकर चार बजे तक बिजली कटौती का समय निर्धारित है। महाशिवरात्रि के मौके पर लोगों को उम्मीद थी कि आज उन्हें बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा, लेकिन 132 केवी छाउछ उपकेंद्र से सुबह सात बजे ही बिजली सप्लाई काट दी गई। जिससे लोगों को पानी की किल्लत की वजह से दिक्कत का सामना करना पड़ा। जेई मनोज पुष्कर ने बताया कि यहां जितनी बिजली उपलब्ध मिलती है। उतनी लोगों को सप्लाई की जा रही है। कटौती का निर्णय सिस्टम कंट्रोल से किया जाता है।