खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अभियान चलाते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने बुधवार को शहर से सटे गांव सलेमपुर कोन में संचालित पानी पाउच पैक करने वाली फैक्ट्री पर छापा मारकर अनियमितताएं पकड़ीं। एक्वा लाइफ नाम से पानी की बिक्री करने वाली फैक्ट्री में पाउच पर पैकिंग का एड्रेस सीतापुर जिले के सिंधौली का अंकित मिला। इसके अलावा पैकिंग के अन्य मानकों की अनदेखी पाई गई। खास बात यह हैै कि रजिस्ट्रेशन भी नहीं मिला। इसके अलावा शक्ति मसाले की फैक्ट्री से धनिया पाउडर का सैैंपल लिया।
अभिहित अधिकारी डॉ अमर सिंह वर्मा की अगुवाई में टीम ने सबसे पहले बुधवार की सुबह सलेमपुर कोन स्थित पानी पाउच बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां पर जार और पाउच में पानी की पैैकिंग हो रही थी। टीम ने कागज दिखाने को कहा तो फैक्ट्री संचालक कोई कागज नहीं दिखा पाया। टीम ने पैकिंग रूम का गहनता से निरीक्षण किया, जहां एक्वा लाइफ के नाम से बने पाउच पर पता सीतापुर के सिंधौली का निकला। जबकि बैच नंबर, पैकिंग डेट आदि भी नहीं मिली। रूम में हजारों की तादाद में पानी भरे पाउच रखे हुए मिले। इसके बाद टीम ने पाउच पैकिंग करने वाली मशीन को सील कर दिया और फिर पानी के तीन नमूने भरे हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। इस दौरान टीम में शामिल अधिकारियों ने ब्यूरो आफ इंडियन स्टैंडर्ड से सर्टिफिकेट बनवाने के निर्देश फैक्ट्री संचालक को दिए। इसके बाद टीम ने शक्ति मसाले की फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां पर साफ-सफाई का अभाव मिला। यहां पर धनिया पाउडर का नमूना भरा गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक, विजय नंद सिंह, विशाल गुप्ता आदि शामिल रहे।
अभिहित अधिकारी डॉ अमर सिंह वर्मा के अनुसार पानी फैक्ट्री में पाउच पैकिंग मशीन को सील कर दिया गया है। नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।