- युवक को थाने उठा लाई पुलिस, दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलियाकलां। पलिया चीनी मिल के पास स्थित रिलांयस पेट्रोल पंप पर बीती रात एक व्यक्ति का वहां पर एक बस हेल्पर के साथ विवाद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस से धक्कामुक्की पर पुलिस ने युवक पर मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि बीती रात रिलांयस पेट्रोल पंप के पीछे स्थित बस अड्डे पर एक व्यक्ति द्वारा बस हेल्पर से मारपीट की सूचना मिली थी। इसके बाद चौकी पर तैनात सिपाही परीक्षित सैनी, होमगार्ड बृजेश के साथ मौके पर गए थे। यहां महेंद्र सिंह पुत्र दर्शन निवासी खैराना द्वारा किए जा रहे विवाद की जब उक्त सिपाही द्वारा वीडियो बनानी शुरू की गई तो उक्त युवक ने धक्कामुक्की की, साथ ही हाथ झटक दिया, जिससे मोबाइल भी नीचे गिर गया। पुलिस महेंद्र को थाने उठा लाई और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए उसका चालान कर दिया। मौजूद लोगों ने बताया कि उक्त युवक एक नेपाली से किसी बात को लेकर झगड़ा कर रहा था, जिसको हेल्पर समझाने लगा तब उक्त युवक हेल्पर से भिड़ गया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।