धौरहरा। एक महीने पहले अकठी गांव में हुए विवाद में पुलिस ने दुर्गेश कुमार की तहरीर पर तीन लोगों पर जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज किया है।
धौरहरा के गांव अकठी निवासी दुर्गेश ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि विपक्षी रामभूखन, राममुरारी व छोटेलाल से रास्ते का विवाद है। दो मई को उसके पिता सुरेश घर से कफारा चौकी जा रहे थे। देवीदीनपुरवा से कफारा जाने वाले रास्ते पर विपक्षियों ने उसके पिता पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को सीएचसी धौरहरा लाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। दुर्गेश का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
कोतवाल ने कहा कि न्यायालय जाओ और केस डालो। तब मुकदमा दर्ज किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक का यह जवाब सुन पीड़ित ने सीओ से गुहार लगाई। बताया कि विपक्षियों के घमकाने की शिकायत पर भी प्रभारी निरीक्षक ने डायल 112 को फोन करने की बात कही। सीओ धौरहरा पीपी सिंह ने बताया पुराने मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। विवेचना के बाद अन्य बातें पता चलेंगी।