फरधान। ऐटा गांव में दूसरे समुदाय के लोगों से परेशान होकर गांव छोड़ने वाला परिवार तीसरे दिन भी नहीं पहुंचा है। हालांकि, पुलिस ने आटा चक्की और इंजन का स्थान बदलवा दिया है।
क्षेत्र के गांव ऐटा में दूसरे समुदाय के लोगों पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए सुमन देवी ने अपनी वृद्ध मां के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। तीसरे दिन पुलिस के पहुंचने पर विपक्षियों ने आटा चक्की और तेल निकालने की मशीन दूसरी तरफ कर इंजन भी हटा लिया। पीड़ित सुमन देवी तीसरे दिन भी अपनी मां सहित गांव के बाहर हैं।
सुमन देवी का कहना है पुलिस आरोपियों के बताने के अनुसार कार्रवाई कर रही है। आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की थी। पुलिस उस मामले में कोई कार्रवाई करना नहीं चाहती है। एसओ कौशल किशोर ने बताया सुमन देवी को जिस वजह दिक्कत थी। उसे हटवा दिया गया है। जांच में पता चला है मारपीट जैसी कोई घटना हुई ही नहीं है।