फरधान। गांव रौतापुर में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण कराने की सूचना पर थाना पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने आयोजक समेत छह लोगों को हिरासत में ले लिया। इनसे पूछताछ की जा रही है। प्रार्थना सभा में मौजूद कई लोग भाग गए। यह कार्रवाई बजरंग दल के जिला संयोजक की सूचना पर की गई।
शुक्रवार को बजरंग दल के जिला संयोजक आनंद दीक्षित ने पुलिस को सूचना दी कि गांव रौतापुर में हो रही प्रार्थना सभा में लोगों को धन का प्रलोभन देकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा हैं। इस पर फरधान पुलिस मौके पर पहुंची। उस वक्त वहां ईसाई मिशनरी से जुड़े कुछ लोग प्रार्थना कर रहे थे। पुलिस पहुंचने पर कई लोग भाग गए। आयोजक समेत छह लोगों को पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले आई।
बजरंग दल के जिला संयोजक आनंद दीक्षित ने बताया कि ये लोग धन का लोभ देकर लोगों का धर्म परिवर्तन करा रहे थे। कार्यकर्ता तहरीर देने थाने गए हैं। एसओ ब्रजेश कुमार मौर्य ने बताया कि मामला अभी स्पष्ट नहीं है। थाने लाए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। शिकायतकर्ता की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।