लखीमपुर खीरी। स्कूलों को अपग्रेड करने के लिए शुरू हुई पीएम श्री योजना के तहत जिले से 1151 परिषदीय और दो माध्यमिक स्कूलों से आवेदन मांगे गए थे। अंतिम तिथि बीत जाने के बाद भी योजना लक्ष्य के आंकड़े को नहीं छू सकी है। इस योजना के लिए महज आठ सौ स्कूलों ने आवेदन किए हैं। यदि आवेदन की तिथि नहीं बढ़ी, तो इसका लाभ नहीं स्कूलों को नहीं मिल पाएगा।
जुलाई महीने में शुरू हुई पीएम श्री योजना की शुरुआत की गई थी। योजना का उद्देश्य परिषदीय स्कूलों के साथ ही माध्यमिक के स्कूलों को पहले से ज्यादा अपडेट करना था। इस योजना के तहत स्कूलों को अपग्रेड करते हुए अत्याधुनिक लैब और स्मार्ट क्लास में बदला जाना है। अत्याधुनिक लैब में बच्चे तमाम तरह के प्रयोग कर पाएंगे, वहीं स्मार्ट क्लास बन जाने के बाद बच्चों को अच्छी शिक्षा ग्रहण करने में मदद मिलेगी।
पहले चरण में जिले के 1153 विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्यों से आवेदन मांगे गये थे। अंतिम तिथि 31 अगस्त तक करीब 800 विद्यालयों से आवेदन प्राप्त हो सके हैं। यदि तारीख बढ़ जाए, तो निश्चित तौर पर टारगेट को पूरा किया जा सकता है।
क्या है पीएम श्री योजना
इस योजना के तहत चिह्नित किए गए स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा। विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के अलावा, खेलकूद के लिए उचित साधन भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। जो स्कूल जर्जर हो चुके हैं, उनके ढांचे को भी सुधारने का कार्य किया जाएगा। इस योजना के तहत हर ब्लॉक में एक स्कूल को योजना में शामिल किया जाएगा।
लगातार विद्यालयों को इस योजना के तहत आवेदन करने के निर्देश जारी किये जा रहे थे। कुछ ब्लॉकों के विद्यालयों ने इस कार्य में रुचि नहीं दिखाई है। ऐसे विद्यालयों को चिह्नित किया जाएगा। आवेदन की तिथि आगे बढ़ने की पूरी संभावना है। हर हाल में लक्ष्य को पूरा किया जाएगा।
-प्रवीण कुमार तिवारी, बीएसए