लखीमपुर खीरी। फुटबाल, हॉकी, एथलेक्टिस और हैंडबाल के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। लालपुर स्टेडियम में इन खेलों के कोच तैनात कर दिए गए हैं। कोच का कार्यकाल पूरा होने की वजह से पिछले डेढ़ महीनों से खिलाड़ी बिना कोच के ही प्रैक्टिस कर रहे थे।
शहर से करीब आठ किलो मीटर दूर लालपुर स्टेडियम है। स्टेडियम में फुटबाल, हॉकी, एथलेक्टिस, हैंडबाल, क्रिकेट, बैडमिंटन, हॉकी के खिलाड़ी प्रैक्टिस करने पहुंचते हैं। स्टेडियम में चार खेलों के कोच तैनात थे, जिनका कार्यकाल 31 जनवरी को खत्म हो गया था। ऐसे में खिलाड़ियों के सामने समस्या आ रही थी। अब यहां चार कोच की तैनाती कर दी गई है।
पूर्व में तैनात फुटबाल के कोच ओम प्रकाश, हैंडबाल के पंकज, हॉकी के विजय सिंह और एथलेटिक्स के संजय यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला क्रीड़ाधिकारी सुनील भारती ने बताया कि खिलाड़ियों को कोच मिल गए हैं। अब खिलाड़ी कोच की निगरानी में प्रैक्टिस कर सकेंगे।