रत्नापुर गांव के पास लगे कैमरे में कैद हुई बाघ की तस्वीर। स्रोत-वन विभाग।
बांकेगंज। गोला रेंज के जंगल से सटे रत्नापुर गांव में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे में बाघिन की तस्वीर कैद हो गई। उसके शावकों का पता नहीं चल सका है।
बताया जा रहा है कि दक्षिण खीरी वन प्रभाग गोला रेंज जंगल से बाघिन निकली है। उसके साथ में दो शावक भी हैं। बुधवार शाम चहलकदमी करते हुए वह जंगल से महज चार सौ मीटर दूर रत्नापुर गांव में आबादी के पास पहुंच गई थी। ग्रामीणों के खदेड़ने पर वह शावकों के साथ पाला सिंह के गन्ने के खेत में छिप गई थी। ग्रामीणों से नोकझोंक के बाद वन कर्मियों ने बाघिन की लोकेशन ट्रेस करने के लिए गांव में दो कैमरे लगाए थे। शुक्रवार सुबह निगरानी टीमों ने कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी तो एक कैमरे में बाघिन की तस्वीर कैद मिली। वह गन्ने के खेत से निकलते हुए दिख रही है।
दक्षिण खीरी वन प्रभाग के डीएफओ संजय बिश्वाल ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे समूह बनाकर और शोर मचाते हुए खेतों की ओर जाएं।