बांकेगंज। गोला रेंज में आबादी के निकट तीन लोगों पर हमला कर घायल करने वाले बाघ की तस्वीर एक हफ्ते बाद कैमरों में कैद हुई है। हालांकि बाघ के पगचिह्न लगातार दिखाई पड़ रहे हैं।
दक्षिण खीरी वन प्रभाग की गोला रेंज जंगल से सटे कुरैया गांव के पास तीन लोगों को घायल करने वाले बाघ की लगातार निगरानी कराई जा रही है। लोकेशन पता लगाने के लिए लगाए सात कैमरों में से एक कैमरे में बाघ की तस्वीर कैद हुई है। जंगल से सटे गांव के लोगों को पूरी रात रुक-रुककर बाघ के गुर्राने की आवाजें सुनाई पड़ती हैं।
डब्ल्यूटीआई और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के विशेषज्ञों की टीम गतिविधियों का लगातार अध्ययन कर रही है। रेंजर गोला संजीव तिवारी ने बताया कि लोकेशन पता लगाने के लिए लगाए गए कैमरे में बाघ की तस्वीर कैद हुई है। बाघ जंगल के बाहर न आने पाए, इसके लिए वन विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। संवाद