हीट वेव के कारण बढ़ रही बीमारियां
तेज धूप फील्ड वर्क करने वालों, मजदूरों, रिक्शा चालकों पर काफी भारी पड़ रही है। लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। वहीं बच्चों में डायरिया, मलेरिया, बुखार और पेट संबंधी बीमारियां हो रही हैं। जिला अस्पताल में पीड़ित बच्चों की आमद दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. आरएस मधौरिया ने मौसम के तल्ख तेवरों के मद्देनजर सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि ऐसे मौसम में खानपान में खास सावधानी बरतने की जरूरत है।
ऐसे करें हीट वेव से बचाव
- खूब पानी पीकर बाहर निकलें, थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें।
- शरीर को पूरी तरह ढक कर निकलें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें।
- थोड़ी-थोड़ी देर में साफ पानी से आंखों को धोते रहें।
- बासी खाना और तली भुनी और अधिक मसाले वाली चीजों को खाने से परहेज करें।
- धूप में कम से कम बाहर निकलें।
- मौसमी फल जैसे तरबूज, खरबूजा, खीरा और ककड़ी का ज्यादा इस्तेमाल करें।
बिजली कटौती से छूटे पसीने
एक तो भीषण गर्मी ऊपर से बिजली का संकट से लोग दोहरी मार झेल रहे हैं। रविवार रात सलेमपुर कोन सहित शहर के कई मोहल्लों में रात भर बिजली गायब रही। इससे लोग बेहाल हो गए। सलेमपुर कोन में ट्रांसफार्मर फुंक जाने से रात करीब 10 बजे बिजली गुल हो गई। इसके बार सुबह करीब चार बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने से छह घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही।