नगरीय स्वास्थ केद्र निर्मल नगर में मरीज देखते डॉक्टर
लखीमपुर खीरी। रविवार को सरकारी अस्पतालों में लगने वाले स्वास्थ्य मेलों से लोगों का मोहभंग हो रहा है। ओपीडी में संख्या निरंतर कम होती जा रही है। रविवार को जितने भी मरीज सरकारी अस्पतालों में पहुंचे, उनमें से करीब 70 प्रतिशत लोग बुखार आदि से ग्रसित थे। जबकि अन्य मरीज डायरिया एवं विभिन्न बीमारियों से ग्रसित थे।
नगरीय स्वास्थ्य केंद्र गोटैयाबाग के प्रभारी डॉ. कर्मवीर सिंह ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे तक ओपीडी में 65 मरीज आए। इसमें करीब 40 लोग बुखार से पीड़ित थे। इनमें से अधिकतर को वायरल बुखार था, जिन लोगों में मलेरिया और डेंगू के लक्षण प्रतीत हो रहे थे। उन्हें सोमवार को जिला अस्पताल जाकर जांच कराने के लिए कहा है।
उधर, निर्मलनगर नगरीय स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. शुभम शुक्ला ने बताया कि दोपहर दो बजे तक करीब 80 मरीज देखे हैं। इनमें सर्दी, जुकाम के अलावा वायरल बुखार के मरीज ज्यादा थे। एलटी की ड्यूटी दूसरी जगह लगने से जांच नहीं हो सकी। जबकि अन्य दिनों में 10 से 15 जांचें होती हैं।
मितौली सीएचसी पर स्वास्थ्य मेले का आगाज अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह ने किया। निरीक्षण करने पहुंचे जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रमोद 105 मरीजों का परीक्षण कर दवाएं दी गई। तिकुनियां पीएचसी प्रभारी डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि मेले में गैर संचारी हृदय रोग, कैंसर, मधुमेह, गठिया, मोतियाबिंद आदि के मरीजों को लेकर मेला लगा था, लेकिन इन बीमारियों के मरीज नहीं आए। जबकि अन्य बीमारियों के 162 मरीज आए जिसमे टायफाइड के मरीजों की जांच कर दवाएं दी गई।