लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले की पड़ताल में रविवार को पीएचसी में व्यवस्थाएं बीमार मिलीं। कई जगह खून की जांच ही नहीं हो रही थी।
डॉक्टरों ने खानापूरी कर बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल में ही दिखाने की बात कहकर मरीजों को विदा कर दिया।
शहर के नौरंगाबाद नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में 52 मरीज देखे गए, लेकिन यहां जांच नहीं हुई। गौटेय्याबाग केंद्र पर 63 मरीज देखे गए। यहां फार्मासिस्ट की तैनाती न होने से मरीजों को दिक्कतें हुईं। हालांकि, निर्मल नगर में डॉ. संस्कृति द्विवेदी ने 32 मरीजों की जांच की। यहां जांच के साथ दवाएं भी पर्याप्त मात्रा में मिलीं। शहर के तीनों नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर वायरल बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही।