जिला अस्पताल के मुख्यमार्ग पर लगा जाम
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर-सीतापुर हाईवे से एमसीएच विंग में संचालित जिला अस्पताल तक जाने वाला रास्ता ऊबड़-खाबड़ होने के साथ संकरा है। इससे मरीजों को आए दिन मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सोमवार को लगे जाम में मरीजों को एक घंटे परेशान होना पड़ा।
एमसीएच विंग में जिला अस्पताल को शिफ्ट हुए एक साल हो गया है, लेकिन अभी तक हाईवे से अस्पताल तक की सीधी रोड नहीं बन सकी है। पिछले दिनों इस पर खड़ंजा लगवा दिया गया था। जिस पर बारिश के दौरान निकलने का मतलब जान जोखिम में डालना है। अस्पताल तक सड़क संकरी हाेने से आए दिन जाम लगता है।
सोमवार को अस्पताल के रास्ते पर चार पहिया वाहन खड़े हो जाने से जाम लग गया। करीब एक घंटे तक मरीज फंसे रहे। काफी जद्दोजहद के बाद होमगार्ड जाम खुलवाने में कामयाब हुए तब जाकर जाम में फंसे मरीज और उनके तीमारदारों ने राहत की सांस ली।