बांकेगंज। रेल यात्रियों को अनारक्षित टिकट के लिए स्टेशन पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेलवे बोर्ड की ओर से पहली बार मोबाइल एप यूटीएस लांच किया गया है। इस एप से रेल यात्री घर बैठे अनारक्षित टिकट की बुकिंग कर सकेंगे। इसके लिए स्टेशनों पर जागरूकता कैंप भी लगाए जा रहे हैं।
एनई रेलवे लखनऊ के मंडल प्रबंधक आदित्य कुमार के दिशा-निर्देश पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आशुतोष गुप्ता ने रेल यात्रियों को भीड़ से बचाने के लिए मोबाइल एप यूटीएस लांच किया है। उन्होंने बताया कि रेल यात्रियों को जागरूक करने के लिए गोरखपुर, सीतापुर, लखनऊ गोंडा स्टेशनों पर जागरूकता कैंप लगाया है। जहां यात्रियों को जागरूक कर एप डाउनलोड कराया जा रहा है। जल्द ही लखीमपुर, मैलानी, गोला, बांकेगंज में जागरूकता कैंप लगाए जाएंगे।
प्ले स्टोर से करें डाउनलोड
मोबाइल एप यूटीएस को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। अपना नाम, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी देकर पंजीकरण कराने पर एक ओटीपी प्राप्त होगा और ओटीपी दर्ज करने के बाद खाते तक पहुंचाने के लिए लॉगिन आईडी व पासवर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। यात्री विभिन्न डिजिटल के माध्यम से आर-वॉलेट, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैकिंग, यूपीआई और ई-वॉलेट का उपयोग कर अनारक्षित टिकट बुकिंग कर भुगतान कर सकते हैं।
यात्रा शुरू करने के 50 किमी के दायरे में बनेंगे टिकट
पेपर लेस टिकट बनाने के साथ यात्रा टिकट के अलावा प्लेटफार्म टिकट व मासिक टिकट बनाने की सुविधा मिलेगी।। यह एप हिंदी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है। यात्रा शुरू करने के स्टेशन से 50 किलोमीटर के दायरे में टिकट बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्टेशन पर क्यूआर कोड से पेपरलेस टिकट बना सकते हैं। अनारक्षित टिकट बुक करने पर आर-वॉलेट के यूजर्स को रिचार्ज पर तीन फीसदी बोनस दिया जाएगा।
-
रेल यात्रियों को स्टेशनों पर टिकट के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए मोबाइल एप लांच किया गया है। यात्री घर बैठे अपने मोबाइल के माध्यम से अनारक्षित टिकट की बुकिंग आसानी से कर सकते हैं।
- महेश गुप्ता, पीआरओ, एनई रेलवे, लखनऊ मंडल