संपूर्णानगर के ट्रांस शारदा क्षेत्र में धनारा घाट का पैंटून पुल।
संपूर्णानगर। धनारा घाट के पैंटून पुल का निरीक्षण कर जेई ने इसे हटाने के निर्देश दिए हैं। रविवार से पुल को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके हटने के बाद पूरनपुर का सफर 130 किलोमीटर का हो जाएगा, जो अब तक महज तीस किलोमीटर था।
पड़ोसी जनपद पीलीभीत के थाना हजारा के ट्रांस शारदा क्षेत्र के धनारा घाट पर पैंटून पुल है। अस्थायी पुल से हजारों लोगों को तहसील पूरनपुर तक आने जाने में काफी सहूलियत मिलती है और समय के साथ दूरी भी कम हो जाती है। मात्र 30 किलोमीटर के सफर से लोग तहसील पूरनपुर और उसके बाद पीलीभीत पहुंच जाते हैं।
यह पुल प्रत्येक वर्ष 15 अक्तूबर को शुरू करके 15 जून को हटा दिया जाता है। इस बार लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये मांग की थी कि अभी बारिश नहीं हो रही है। पानी भी कम है। ऐसे में पुल 25 जून के बाद हटाया जाए। लेकिन, रविवार से पुल को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। इस पुल से आवागमन बंद होने के बाद लोगों को अब करीब 130 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करके पूरनपुर व पीलीभीत का सफर करना पड़ेगा।