पलिया के बनकटी गांव में आवास की जांच करने पहुंची बीडीओ।
पलियाकलां। थारू क्षेत्र के बनकटी और कजरिया के पंचायत सचिवों का ग्रामीणों संग सांठगांठ कर आवास योजना का रुपया हजम करने का मामला सामने आया है। पंचायत सचिवों ने बनकटी और कजरिया में ग्रामीणों को दो-दो बार सीएम आवास योजना का लाभ दिलाया, लेकिन उन्होंने एक बार भी आवास का निर्माण नहीं कराया। बीडीओ के निरीक्षण में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है।
बीडीओ संगीता यादव बृहस्पतिवार को शौचालय व 2023-24 में आवास योजना का सत्यापन करने के लिए ग्राम पंचायत कजरिया और बनकटी पहुंचीं थीं, जहां एक ग्रामीण को वर्ष 2010-11 में इंदिरा आवास योजना के तहत मकान के लिए रुपया मिला था। वहीं 2023-24 में भी तत्कालीन सचिव ने उन्हें सीएम आवास योजना का लाभ दिला दिया, मगर लाभार्थी ने आज तक एक भी आवास नहीं बनवाया। ऐसे ही एक मामला बनकटी में सामने आया, जहां एक महिला को वर्ष 2014-15 में आवास योजना का लाभ मिलने के बावजूद 2023-24 में फिर सचिव ने सीएम आवास योजना का लाभ दिलाया। यहां भी दोनों आवास बने नहीं पाए गए।
जानकारी पर तत्कालीन पंचायत सचिवों के आवास की धनराशि में हेरफेर करने की बात सामने आई। बीडीओ ने बताया कि सचिव पर आरोप लगे हैं, जो तबादला वर्तमान में दूसरे जिले में हो गया है। बीडीओ ने अधिकारियों को दो लाख 40 हजार रुपये के घोटाले से अवगत कराकर सचिव के खिलाफ रिपोर्ट भेजी है।